Kannauj News:ट्रेन से कट कर गोवंश की मौत, 25 मिनट बंद रही क्रॉसिंग – Cattle Killed After Being Struck By A Train; Crossing Remained Closed For 25 Minutes
जसोदा। रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार को एक गोवंश ट्रैक पर आ गया। इसी बीच गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया, इससे गोवंश की मौत हो गई। इस कारण 25 मिनट तक क्रॉसिंग का गेट नहीं खुल सका। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जलालपुर पनवारा के रेलवे गेट संख्या 99 और 101 के बीच भाटन सरैया के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई। घटना के चलते अनवरगंज कानपुर से कासगंज जाने वाली 15039 ट्रेन 20 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। वहीं जसोदा रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शाम 5:17 बजे जसोदा रेलवे फाटक बंद हुआ था। इसके बाद गोवंश ट्रेन की चपेट में आ गया। 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही और रेलवे क्रॉसिंग बंद रही।
इससे पुराने जीटी रोड तथा जसोदा-तिर्वा मार्ग पर मोटरसाइकिल, कार और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गेट खुलते ही वाहनों की अधिक संख्या होने के कारण जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री करीब 25 मिनट तक जाम में फंसे रहे। रेलवे क्रॉसिंग खुलने के बाद भी वाहनों को निकलने में काफी समय लगा। इसके चलते कन्नौज रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन भी आठ मिनट बिलंब से जा सकी। आरपीएफ प्रभारी सुजीत झा का कहना है कि अन्ना मवेशी दुर्घटना के मामलों में विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है, केवल ट्रैक को सुचारू रूप से चालू करवा दिया जाता है। इस घटना के बारे में जानकारी नहीं है।
