रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kannauj News:स्टेमी केयर रूम बंद, हार्ट अटैक के मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ – Stemi Care Room Closed; Heart Attack Patients Unable To Receive Care
कन्नौज

Kannauj News:स्टेमी केयर रूम बंद, हार्ट अटैक के मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ – Stemi Care Room Closed; Heart Attack Patients Unable To Receive Care

November 28, 2026


छिबरामऊ। हार्ट अटैक के मरीजों को गोल्डन आवर में तत्काल उपचार देकर जान बचाने के उद्देश्य से सौ शैया अस्पताल में लाखों रुपये की लागत से बने स्टेमी केयर रूम बंद पड़ा है। हालत यह है कि कक्ष के बाहर लगा संकेतक बोर्ड तक गायब हो चुका है। जीवनरक्षक उपकरणों से लैस इस व्यवस्था का लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। गंभीर हृदय रोगियों को प्राथमिक उपचार देने के बजाय दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर किया जा रहा है।

शासन की स्टेमी केयर योजना के तहत अस्पताल में विशेष कक्ष स्थापित किया गया था। इसका उद्देश्य हार्ट अटैक के मरीज के पहुंचते ही ईसीजी करना और विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श लेकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराना था। मरीज की स्थिति के अनुसार 30 से 40 हजार रुपये कीमत का थ्रोम्बोलाइटिक इंजेक्शन (क्लॉट बस्टर) भी निशुल्क लगाने की व्यवस्था थी। इसके संचालन के लिए अस्पताल में ईसीजी टेक्नीशियन की तैनाती भी की गई थी।

शुरुआत में कुछ दिनों तक मरीजों को इसका लाभ मिला, लेकिन धीरे-धीरे व्यवस्था ठप हो गई। अब कक्ष पर ताला लटका रहता है और मरीजों को इस सुविधा की जानकारी तक नहीं मिल पाती।

———

गोल्डन आवर में इलाज का उद्देश्य अधूरा

हार्ट अटैक के मरीज के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अस्पताल में स्थापित स्टेमी केयर रूम का बंद रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी मरीजों को सुविधा नहीं मिल रही है। सवाल है कि इस महत्वपूर्ण योजना का संचालन दोबारा कब शुरू होगा।

—————

इमरजेंसी में संचालित है स्टेमी केयर रूम

सीएमएस सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार देने का प्रयास किया जाता है। स्टेमी केयर रूम इमरजेंसी में संचालित है। इसमें मरीजों को भर्ती कर दिया जाता था, जिसके चलते कक्ष में ताला लगवाया गया है। ईसीजी सहित सभी सुविधाएं और दवाएं उपलब्ध हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X