रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

Kanpur News:निष्क्रिय चार समितियों में तालाबंदी, खाद के लिए भटकते किसान – Four Dormant Cooperatives Shut Down; Farmers Left Struggling To Find Fertilizer

November 26, 2026


डेरापुर(कानपुर देहात)। विकासखंड क्षेत्र के 60 हजार किसानों के सामने खाद का संकट है। कुल नौ सहकारी समितियों में से चार समितियां निष्क्रिय होने से तालाबंदी है। किसानों को सरकारी दरों पर खाद नहीं मिल पा रही है। मजबूरन किसान निजी दुकानों से महंगी खाद खरीद रहे हैं।

ब्लॉक क्षेत्र में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए कुल नौ सहकारी समितियां गठित की गई। इन समितियों के भवन भी बने हैं। हालांकि, देखरेख के अभाव में कई समितियों के भवन जर्जर स्थिति में हैं। वर्तमान में केवल पांच (रेरी, सलेमपुर, परौंख, बलाई बुजुर्ग और अकारू) समितियां संचालित हैं। वहीं, चार प्रमुख समितियां सरकौड़ा, बड़ागांव भिक्खी, मुर्रा और सरगांव खुर्द लंबे समय से निष्क्रिय होने के चलते बंद हैं। जानकारों का कहना है कि कि मुर्रा समिति चार साल से बंद है। तीन समितियों में भवन जर्जर होने और लाइसेंस न होने से यहां से खाद वितरण नहीं हो पा रहा है। इससे इन समितियोंं से जुड़े किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ता है।

———

किसानों ने बयां किया दर्द

सरकारी समिति बंद होने से किसानों को मजबूरन महंगी खाद खरीदना पड़ती है। इससे लागत बढ़ जाती है। समिति का संंचालन हो तो किसानों की परेशानी दूर हो। -राम बाबू, ग्राम उधमपुर

—–

सरगांव खुर्द समिति पिछले कई सालों से बंद है। खाद लेने के लिए दूसरे गांव की समितियों पर निर्भर रहना पड़ता है। समय पर खाद नहीं मिल पाती। -जमील खां, डेरापुर।

—–

प्राइवेट दुकानदार खाद के साथ जबरदस्ती अन्य दवाएं और जिंक भी थमा देते हैं। अगर समिति खुली होती तो हमें सरकारी रेट पर खाद मिल जाती और परेशान भी नहीं होना पड़ता। -नाहर सिंह, बिरिया सरगांव खुर्द

—–

खाद के लिए रोजाना भागदौड़ करनी पड़ रही है। फसल को समय पर यूरिया और डीएपी न मिलने से पैदावार प्रभावित होने का डर सता रहा है।

-राजा सिंह, बिरिया सरगांव खुर्द

————

बयान-

अभी सरगांव खुर्द समिति के लाइसेंस के लिए आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही आवेदन आएगा, तत्काल जांच कर लाइसेंस बनाए जाने की सत्यापन रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। अन्य तीन समितियां भी निष्क्रिय हैं।

-कुलदीप कुमार, एडीओ (कृषि)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X