Karnal News:सात दिन में आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार नहीं हुए तो असंध विधायक आवास पर देंगे धरना – If The Accused Police Personnel Are Not Arrested Within Seven Days, A Protest Will Be Held At The Residence Of The Asandh Mla
करनाल। बीजणा गांव निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार उर्फ जैकी की पुलिस हिरासत में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और समाज के लोगों में रोष है।
बुधवार को जैकी की रस्म पगड़ी में जुटे रिश्तेदारों और समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी आंदोलन की रणनीति तय करते हुए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो असंध विधायक योगेंद्र राणा के आवास पर 15 दिन तक सांकेतिक धरना दिया जाएगा।
जैकी के रिश्तेदार कान्हा पंडित ने कहा कि घटना के समय अधिकारियों और विधायक की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। समाज ने बुधवार से प्रशासन को सात दिन का समय दिया है। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो विधायक आवास पर धरना शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 दिन के धरने के बावजूद मांग पूरी नहीं हुई तो करनाल, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और कैथल समेत प्रदेश के अन्य जिलों के सामाजिक संगठन भी आंदोलन में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज जिले या प्रदेश में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं चाहता, लेकिन जैकी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी लोग एकजुट हैं।
11 नवंबर को घर से लेकर गए थे पुलिसकर्मी
जैकी के भाई शुभम ने बताया कि 11 नवंबर को सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी जैकी को उसके घर से लेकर गए थे। इसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवार ने पुलिस हिरासत में मौत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले में शव के अंतिम संस्कार को लेकर भी परिजनों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ था। अब 13वीं और रस्म पगड़ी की रस्म पूरी होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार और समाज के लोगों की नाराजगी बढ़ गई है।
अंतिम संस्कार को लेकर भी बना रहा था गतिरोध
जैकी की मौत के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर परिजनों और प्रशासन के बीच काफी समय तक गतिरोध बना रहा। परिवार की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान डीएसपी गोरखपाल राणा और विधायक योगेंद्र राणा ने परिवार को जल्द जांच रिपोर्ट आने और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। कान्हा पंडित के अनुसार, इसी भरोसे के बाद परिवार ने जैकी का अंतिम संस्कार किया था।
मजिस्ट्रेट जांच के बाद हत्या की धारा में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में परिजनों की ओर से मजिस्ट्रेट जांच की मांग उठाई गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रखे जाने की बात भी सामने आई थी। बाद में पुलिस ने हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जैकी के खिलाफ पहले से करीब 12 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई थी। परिजनों के अनुसार, जैकी ने करीब तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होगी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मामले की जांच अभी न्यायिक स्तर पर चल रही है। पुलिस को अभी तक जांच के लिए आदेश नहीं मिले हैं। जैसे ही जांच के आदेश मिलेंगे जांच की जाएगी। फिलहाल मामले में आरोपी छह पुलिसकर्मी निलंबित हैं और प्राथमिकी दर्ज है।
– करन गोयल, एसपी
