Kathua News:जयशंकर रोलका ने राइजिंग स्टार चाल्ला को हराया – Jammu And Kashmir News
पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। जम्मू-कश्मीर पुलिस, एनएचपीसी सेवा-द्वितीय पावर स्टेशन माश्का और भारत स्पोर्ट्स क्लब बनी के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी के खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। उप पुलिस अधीक्षक अमीन भट्ट ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पहला मुकाबला जयशंकर रोलका टीम ने जीता।
उद्घाटन मैच राइजिंग स्टार चाल्ला और जयशंकर रोलका के बीच खेला गया। जयशंकर रोलका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 72 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में राइजिंग स्टार चाल्ला 10 ओवर में 65 रन ही बना सकी। इस तरह जयशंकर रोलका ने उद्घाटन मुकाबला जीत लिया। इस अवसर पर थाना प्रभारी पवन कुमार सहित कॉलेज के प्रोफेसर और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेशम सिंह, आकाश जुत्शी, मुलक राज, मुज्तबा सैयद, फैयाज अहमद और शब्बीर जैसे गणमान्य लोग भी मौजूद थे। क्लब सदस्य दिलीप कुमार ने बताया कि पहले दिन तीन मुकाबले हुए।
युवाओं को किया प्रोत्साहित
उप पुलिस अधीक्षक अमीन भट्ट ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और पढ़ाई-खेलकूद में अधिक समय लगाने का संदेश दिया। भट्ट ने कहा कि शिक्षा और खेल से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। आकाश जुत्शी ने भी टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। क्लब सदस्य दिलीप कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
