शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:ठंड और दुर्गम रास्तों पर भारी पड़ी आस्था – Jammu And Kashmir News

November 5, 2026


नुकनाली माता यात्रा संपन्न, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

संवाद न्यूज एजेंसी

कठुआ/बनी। पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड और दुर्गम चढ़ाई के बावजूद तीन दिवसीय वार्षिक नुकनाली माता यात्रा श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हो गई। बनी और भद्रवाह की सीमा पर स्थित मंदिर में इस वर्ष पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

यात्रा का समापन पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। जय माता दी के जयकारों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से नुकनाली घाटी भक्तिमय हो गई। यह यात्रा बनी उपमंडल के दौलाह, अस्सो और ढाडू से शुरू हुई थी। ढग्गर, डुग्गन और बसोहली के दूर-दराज क्षेत्रों से भी हजारों भक्त इसमें शामिल हुए। रास्ते में श्रद्धालुओं ने घने जंगलों में कड़ाके की ठंड के बीच रात गुजारी। रात-भर चले जागरण और भजनों ने भक्तों में उत्साह भरा। तड़के करीब चार बजे श्रद्धालुओं ने नुकनाली चोटी के लिए सबसे कठिन चढ़ाई शुरू की।

अगले वर्ष खुलेंगे मंदिर के कपाट

नुकनाली माता के प्रति स्थानीय लोगों में गहरी धार्मिक मान्यता है। आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी के चलते मंदिर के कपाट अगले वर्ष ग्रीष्मकाल में ही खुलेंगे। स्थानीय निवासी संजय कुमार ने बताया कि लंगर कमेटियों और सेवादारों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन व विश्राम की व्यवस्था की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X