रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए जीएमसी के ढांचे की होगी मरम्मत, 1.34 करोड़ मंजूर – Jammu And Kashmir News

November 15, 2026


परिसर के आंतरिक जल निकासी चैनल की पुनर्स्थापना सहित चैनलाइजेशन के होंगे कार्य

संवाद न्यूज एजेंसी

कठुआ। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए ढांचागत कार्यों की मरम्मत और पुनर्स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसी वर्ष अगस्त में आई बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन ने एक करोड़ 34 लाख 28 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी है। इससे जीएमसी परिसर की आंतरिक जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ जीएमसी परिसर के साथ लगती खड्ड में बाढ़ सुरक्षा के कार्य किए जाएंगे।

जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण के तहत स्वीकृत राशि से दो प्रमुख कार्य किए जाएंगे। इनमें जीएमसी कठुआ परिसर के आंतरिक जल निकासी चैनल की पुनर्स्थापना के लिए 90 लाख 13 हजार और कठुआ खड्ड में क्रेटेड रेवेटमेंट तथा चैनलाइजेशन के माध्यम से बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 44 लाख 15 हजार की राशि निर्धारित की गई है। प्रशासन ने स्वीकृत राशि की 50 प्रतिशत रकम यानी 67 लाख 14 लाख रुपये फिलहाल जारी करने की मंजूरी दी है। इसमें आंतरिक जल निकासी चैनल के लिए 45 लाख और बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 22 लाख से ज्यादा राशि से निर्माण कार्य शुरू करवाए जाएंगे। शेष राशि निर्धारित प्रक्रिया और कार्य की प्रगति के आधार पर जारी की जाएगी। बता दें कि बाढ़ के दौरान जीएमसी परिसर में जल निकासी और आसपास के क्षेत्र में बाढ़ के पानी के दबाव से संबंधित नुकसान सामने आया था। अब मंजूर हुई राशि से इन कार्यों को पूरा करने पर परिसर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने और भविष्य में बाढ़ के प्रभाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X