पिपरी कोतवाली क्षेत्र के गिरिया खालसा के मजरा मुरादपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि ‘संवाद न्यूज एजेंसी’ इसकी पुष्टि नहीं करती है।
पीड़ित बुजुर्ग मान सिंह के अनुसार, सोमवार दोपहर घरेलू कामकाज को लेकर परिजनों से उनकी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वे खेत चले गए थे। आरोप है कि जब वे खेत से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनके बेटे राजदीप व शुभम, बेटियों सुषमा व मधु और दामाद नंहू ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसी दौरान किसी ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के बाद घायल बुजुर्ग ने पिपरी थाने में लिखित तहरीर दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत पर दोनों बेटों, दोनों बेटियों और दामाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।