Kurukshetra News:कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त घायल – Motorcyclist Killed After Being Hit By A Car; Friend Injured
कुरुक्षेत्र/पिपली। नेशनल हाईवे-44 पर गांव खानपुर कोलियां के पास तड़के तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में उत्तरप्रदेश निवासी करीब 19 वर्षीय राममिलन की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अभिराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों लुधियाना में मजदूरी करते थे और त्योहार के चलते बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
टक्कर के बाद कार दोनों को कुछ दूरी तक घसीटती हुई ले गई और उनकी बाइक रेलिंग से जा टकराई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राममिलन को मृत घोषित कर दिया।
घायल अभिराज हरदोई जिले का रहने वाला है। एसएचओ रणधीर सिंह के अनुसार, शव एलएनजेपी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
