रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुरुक्षेत्र

Kurukshetra News:केयू गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव का एलान, 16 दिसंबर को मतदान – Ku Non-teaching Staff Association Elections Announced; Voting To Be Held On December 16

November 27, 2026


कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के चुनाव का एलान हो चुका है। इस बार चुनाव 16 दिसंबर को होंगे। चुनाव में करीब 1050 कर्मचारी अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संघ में प्रधान पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

करण सिंह ग्रुप की ओर से भारत भूषण को प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि नीलकंठ शर्मा ने भी प्रधान पद के लिए दावेदारी ठोक दी है। चुनाव प्रक्रिया के लिए ललित कला विभाग के चेयरपर्सन गुरचरण सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। 27 नवंबर को मतदाता सूची घोषित होगी और 1 दिसंबर तक इस पर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 3 दिसंबर को संशोधित मतदाता सूची जारी होगी।

9 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की पड़ताल होगी। 10 दिसंबर को दोपहर 12 बजे तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसी दिन शाम 3 बजे चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की घोषणा और चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे। 16 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतों की गणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव सामुदायिक केंद्र, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में होंगे।

पिछले चुनाव में अन्य पदों पर भी कड़ा मुकाबला रहा था। उपप्रधान पद पर चंद्रपाल ने 405 मत लेकर जसवीर सिंह (390) को हराया था। सचिव पद पर राजेश कुमार को 417 मत मिले, जबकि मुकेश कुमार को 395 मत मिले। महासचिव पद पर रविंद्र तोमर ने 430 मत हासिल किए, जबकि भारत भूषण को 408 मत मिले थे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X