Kurukshetra News:श्रीमद्भगवद्गीता विद्यालय के छात्र 50 साल बाद मिलेंगे – Students Of Shrimad Bhagavad Gita School To Meet After 50 Years
कुरुक्षेत्र। श्रीमद्भगवद्गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 1976 बैच के पूर्व छात्र 50 साल बाद एक बार फिर अपने स्कूल में मिलेंगे। यह पुनर्मिलन 22 नवंबर को स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में आयोजित होगा। इस दौरान पुराने सहपाठी स्कूल के दिनों की यादें साझा करेंगे।
समारोह में उन गुरुजनों का सम्मान किया जाएगा, जिनसे छात्रों ने शिक्षा और संस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत सहपाठियों और गुरुजनों को श्रद्धांजलि अर्पित करके होगी। इसके बाद पूर्व छात्र अपने गुरुजनों का सम्मान और पूजन करेंगे। विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री विजय नड्डा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर का भ्रमण भी किया जाएगा। 50 साल पहले स्कूल में होने वाली प्रार्थना का सामूहिक उच्चारण भी होगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
आयोजन की तैयारी
आयोजन समिति के सदस्य अशोक रोशा, अनील बत्रा, कमल नयन, धर्मपाल टाया और शशी शर्मा हैं। उन्होंने बताया कि यह पुराने साथियों और गुरुजनों से दोबारा जुड़ने का अवसर है। गणपत ग्रोवर ने कहा कि समारोह की तैयारियां पिछले तीन महीने से चल रही हैं। 50 साल बाद पुराने दोस्तों से मिलने को लेकर सभी उत्साहित हैं। उनके लिए यह मिलन घर वापसी जैसा है।
