शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:कृषि विवि का काम अधूरा मिलने पर नाराज हुए वीसी – Vc Expresses Displeasure Over Finding Work At Agricultural University Incomplete

November 2, 2026


कसया। कुशीनगर में रामाभार स्तूप के पास निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अधूरे कार्यों पर अधिकारियों ने सख्ती दिखाई है। रविवार को कुलपति और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने परिसर का निरीक्षण किया। एकेडमिक भवन में कई काम अधूरे मिलने पर कुलपति ने नाराजगी जताई और दिवाली से पहले सभी लंबित कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुलपति डॉ. रामजी सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने एकेडमिक भवन, लाइब्रेरी, छात्रावास, प्रसाधन कक्ष, मेस और लेक्चर रूम की स्थिति देखी। इसके अलावा मुख्य गेट और परिसर में बन रहे सीसी मार्ग के निर्माण की प्रगति भी जानी। विभिन्न भवनों में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से उनके पूरा होने की समयसीमा के बारे में जानकारी ली।

एकेडमिक भवन में कई काम अधूरे मिलने पर कुलपति ने निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वेंकटेश को फटकार लगाई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दिवाली से पहले सभी अधूरे कार्य पूरे कर लिए जाएं। निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए एकेडमिक भवन, लाइब्रेरी और लेक्चर रूम का तैयार होना जरूरी है।

वहीं, छात्रावास, मेस और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण में भी तेजी लाई जाए, ताकि विद्यार्थियों को परिसर में सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने निर्माण कंपनी को निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X