कौशाम्बी क्षेत्र के कोसम इनाम गांव में रविवार सुबह अशोक स्तंभ के समीप लकड़बग्घा दिखाने से ग्रामीण सहम गए। ग्रामीणों को देखकर जंगली जानवर पास के किसी खेत में जाकर छिप गया। इसकी जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्रामीण अनिल कुमार और रोहित यादव, फूलचंद , पीतांबर आदि का कहना है कि इन दिनों किसान खेतों में फसलों की रखवाली के साथ बाजरे की कटाई और मिर्च की फसल की देखभाल कर रहे हैं। ऐसे में लकड़बग्घे की मौजूदगी किसानों के लिए बड़ा खतरा है।
वहीं, ऐतिहासिक अशोक स्तंभ को देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक भी पहुंचते हैं। ग्रामीणों ने जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है और वन विभाग से निगरानी और आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।
————
लकड़बग्घा जंगलों में रहने वाला प्राणी है। इनकी नस्ल लगभग विलुप्त हो गई है। ये कभी-कभी दिखाई दे जाते हैं। ग्रामीणों को यदि क्षति की आशंका है तो टीम भेज कर रेस्क्यू किया जाएगा।
— राज कैथवाल, रेंजर कौशाम्बी