शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:तीसरी बार क्षतिग्रस्त की गई आंबेडकर प्रतिमा, लोगों में आक्रोश – Ambedkar Statue Damaged For The Third Time; Public Outrage Ensues

November 8, 2026


पहले भी दो बार प्रतिमा को बनाया जा चुका है निशाना, तीसरी घटना से भड़के लोग

मथौली। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मथौली के वार्ड नंबर आठ स्थित इंदिरा नगर के बहुआस में रविवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

दिवाली के अवसर पर रविवार सुबह पुष्पेंद्र भारती, मुकेश भारती, आकाश भारती, भीम भारती, अवधेश, अखिलेश, धर्मराज और शैलेश भारती सहित अन्य युवक प्राथमिक विद्यालय के पास स्थापित प्रतिमा की साफ-सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें प्रतिमा का कुछ हिस्सा टूटा हुआ दिखाई दिया। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई।

लोगों का आरोप था कि असामाजिक तत्व पहले भी प्रतिमा को निशाना बना चुके हैं। वर्ष 2022 के बाद करीब एक वर्ष पहले भी प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गई थी। अब तीसरी बार ऐसी घटना होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने कहा कि पिछली घटनाओं के बाद अधिकारियों ने प्रतिमा की मरम्मत कराने और सुरक्षा के इंतजाम करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। इसी वजह से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है।

सूचना पर पहुंचे कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने लोगों को समझाकर शांत कराया। नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर प्रतिमा स्थल की बाउंड्री सुरक्षित कराने का आश्वासन दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से प्रतिमा स्थल के चारों तरफ कंटीले तार लगाकर घेराबंदी कराई जाएगी। एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X