शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शाहजहांपुर

Shahjahanpur News:संदिग्ध हालात में पेंटर की पत्नी की मौत, फंदे से लटका मिला शव – Painter’s Wife Dies Under Suspicious Circumstances; Body Found Hanging

November 13, 2026


भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के विजयपुर रेती निवासी पेंटर पवन सक्सेना की पत्नी भावना सक्सेना (22) का शव दुपट्टे के सहारे पंखे के कुंडे से लटका मिला। मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पवन सक्सेना की शादी फरवरी 2026 में पीलीभीत के बरखेड़ा निवासी उमेश उर्फ पप्पू की बेटी भावना के साथ हुई थी। शुक्रवार को पवन काम करने के लिए चले गए। पवन ने लौटने पर दरवाजा खटकाया, लेकिन अंदर से कोई आहट नहीं हुई। उसके बाद दरवाजे को तोड़ा तो अंदर पत्नी का शव दुपट्टे से लटका देखकर चीख निकल गई।

सूचना पर आरसी मिशन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारा। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए। हालांकि, अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ ने बताया कि तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

————

फंदे से लटका मिला युवक का शव

बंडा। गांव मकसूदापुर निवासी शिवराम (28) का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला।

डालचंद का पुत्र शिवराम घर में अकेला रहता था। करीब एक माह पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने कमरे में झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X