Lakhimpur Kheri News:भीरा-किशनपुर मार्ग पर दिखा बाघ, वीडियो वायरल – Tiger Spotted On Bhira-kishanpur Road; Video Goes Viral
भीरा। बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बृहस्पतिवार सुबह से ही खेतों के आसपास बाघ देखे जाने की सूचना मिल रही थी। रात करीब सवा नौ बजे भीरा-किशनपुर मार्ग पर भी बाघ दिखाई दिया। सड़क किनारे घूमते बाघ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई गांवों के किसानों ने खेतों के आसपास बाघ के पैरों के निशान देखे थे। कुछ किसानों ने उसे खेतों में घूमते हुए भी देखा। बाघ की मौजूदगी से किसानों में दहशत है और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं।
भीरा निवासी अपूर्व शुक्ला रात में भीरा-किशनपुर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे बाघ घूमता दिखाई दिया। उन्होंने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मी क्षेत्र में निगरानी कर बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों की ओर न जाने और रात में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। बाघ की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।
