Farrukhabad News:तुलसी-शालिग्राम का विवाह, शोभायात्रा निकाली – Tulsi-shaligram Wedding; A Ceremonial Procession Was Taken Out
फर्रुखाबाद। श्रीतुलसी विवाह कमेटी ने बृहस्पतिवार आधी रात को शोभायात्रा निकाली। शुक्रवार सुबह बरगदिया घाट पर वेद मंत्रोच्चार से तुलसी और शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ।
फतेहगढ़ में नवदिया से बृहस्पतिवार आधी रात को निकली शोभायात्रा में भगवान शालिग्राम और तुलसी रथ पर सवार थे। ढोल नगाड़ा, संकीर्तन और शंख घंटा ध्वनि के साथ बरगदिया घाट गंगा तट पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, गणेश, शिव-पार्वती, लक्ष्मी, राम विवाह आदि झांकियां शामिल रहीं।
शुक्रवार तड़के से विवाह के कार्यक्रम शुरू किए गए। शहर के अलावा आयोजकों के रिश्तेदारों ने भी पहुंचकर विवाह कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। भांवरों के कार्यक्रम के बाद विदाई के समय वधू बनी माता तुलसी पक्ष के लोगों की आंखें नम हो गईं। भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन में संयोजक सनी राजपूत, अध्यक्ष अनिल तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय वर्मा (गुड्डू), महामंत्री गौरव सक्सेना, संरक्षक डॉ. राजीव पाठक, उपाध्यक्ष मुन्नालाल, अनु कुदेसिया, मंत्री मन्नू सक्सेना, हर्षित मिश्रा, दिव्यांशु गुप्ता के अलावा विशाल गुप्ता, अभि, अंशु, मनोज आदि का सहयोग रहा।
