शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ललितपुर

Lalitpur News:करोड़ों से मरम्मत के बाद भी मेडिकल कॉलेज की छत से गिरी सीमेंट की पट्टी – Cement Slab Falls From Medical College Roof Despite Repairs Costing Crores

November 4, 2026


ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन (जिला अस्पताल) की मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद भवन की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। बुधवार को महिला अस्पताल के सामने एसएनसीयू के गेट के पास छत से सीमेंट की बड़ी पट्टी टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक स्टाफ नर्स बाल-बाल बच गई। पट्टी गिरने से छत की सरिया भी बाहर निकल आई हैं। जिस रास्ते पर यह घटना हुई, वहां से गर्भवती महिलाओं को स्ट्रेचर पर वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक ले जाया जाता है। एसएनसीयू में भर्ती नवजातों को भी इसी रास्ते से लाया-ले जाया जाता है। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन में कार्यदायी संस्था की ओर से मरम्मत कराई गई थी। इसमें छत और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के साथ वार्डों का सुधार किया गया। खिड़कियां और दरवाजे बदले गए। क्षतिग्रस्त टाइल्स ठीक कराने, छत से पानी टपकने की समस्या दूर करने, नालियों और पानी की निकासी समेत अन्य कार्य भी कराए गए। इन कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन बुधवार को महिला अस्पताल के सामने गेट के पास छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय सीमेंट की पट्टी गिरी, उसी दौरान वहां से एक स्टाफ नर्स गुजर रही थीं। वह कुछ कदम आगे निकली ही थीं कि पट्टी नीचे गिर गई। अचानक हुई घटना से वह घबरा गईं। मलबा गिरने के बाद लोग भी इस रास्ते से निकलने में सतर्कता बरत रहे हैं। छत से सरिया बाहर निकलने के कारण यहां दोबारा मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है।

——————————————–

पहले भी हो चुकी हैं आगजनी और अन्य घटनाएं

मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन में बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी बदहाल है। पिछले कुछ महीनों में शॉर्ट सर्किट और आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पहले इमरजेंसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। इसके बाद एसएनसीयू के पास केबल जल गई थी। पैथोलॉजी के बिजली घर में भी पैनल की केबल जलने से आग की लपटें उठने लगी थीं। वहीं, इमरजेंसी में पंखा गिरने से एक चिकित्सक घायल हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल बने हुए हैं।

—————————–

महिला ऑपरेशन थिएटर के पास दरवाजे पर सीमेंट का हिस्सा गिर गया था। इसकी मरम्मत कराई जाएगी।

– डॉ. गजेंद्र सिंह, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज, ललितपुर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X