Lalitpur News:छोटी दिवाली पर बाजार में खूब बिके दीये, ग्वालिन और सजावटी सामान – On Chhoti Diwali, Earthen Lamps (diyas), ‘gwalin’ (milkmaid) Figurines, And Decorative Items Sold Briskly In The Markets
ललितपुर। धनतेरस के बाद शनिवार को छोटी दिवाली पर भी बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों में पूजन के लिए मिट्टी के दीये, लक्ष्मी स्वरूपा ग्वालिन, खील-बताशे और अन्य सामग्री खरीदी। घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालर, लैंप, बल्ब और सजावटी सामान की भी खूब बिक्री हुई। वहीं, सराफा और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी कारोबार का सिलसिला जारी रहा। शाम होते ही घरों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों के दरवाजों पर दीये जलाए गए। लोगों ने तुलसी पूजन और मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की।
शहर के प्रधान डाकघर के सामने, घंटाघर, महावीर प्याऊ, सावरकर चौक, आजाद चौक, कंपनी बाग, तुवन मंदिर, रेलवे स्टेशन और कटरा बाजार समेत प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही रही। मिट्टी के दीये और आठ व 16 दीपक वाली लक्ष्मी स्वरूपा ग्वालिन की खूब बिक्री हुई। लोगों ने दिवाली पूजन के लिए मिट्टी की चाक, डबलियां और अन्य सामग्री भी खरीदी।
बाजार में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, शुभ-लाभ और शुभ दिवाली की बंदनवार, श्री यंत्र, लक्ष्मी यंत्र और कुबेर यंत्र की दुकानें सजी रहीं। लोगों ने पूजन के लिए लक्ष्मीजी और लक्ष्मी-गणेश की आकर्षक तस्वीरें भी खरीदीं। लक्ष्मीजी के चरणों की तस्वीरों की भी मांग रही। इसके अलावा तांबे और पीतल के कलश, पीतल के सिंहासन और घंटियां, तांबे के हवन कुंड तथा पीतल व अष्टधातु की ठाकुरजी की मूर्तियां भी लोगों ने खरीदीं। भगवान की रंग-बिरंगी पोशाक, मुकुट, बांसुरी और सर्दियों के कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ रही। लाई, खील, बताशे और चिरौंजी की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
सराफा और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी कारोबार
छोटी दिवाली पर सराफा और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। धनतेरस पर भीड़ के चलते खरीदारी नहीं कर सके लोगों ने शनिवार को सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन खरीदे। पूजन के लिए चांदी के लक्ष्मी-गणेश अंकित सिक्कों, आकर्षक डिजाइन के चांदी के गिलास, कटोरी, प्लेट और भगवान के चांदी के सेट की मांग रही।
ऑटोमोबाइल शोरूमों पर भी सुबह से ग्राहकों की भीड़ रही। कई लोगों ने बेटियों और छोटे बच्चों के नाम पर बाइक खरीदीं।
सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़
दिवाली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए बाजार में जगह-जगह सजावटी और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानें लगी रहीं। इन पर दिनभर खरीदारी होती रही। लोगों ने रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक झालर, रंगीन बल्ब और लैंप खरीदे।
मंदिरों में हुआ सुंदरकांड का पाठ
छोटी दिवाली पर नरक चतुर्दशी का पर्व मनाया गया। लोगों ने घरों में तुलसी पूजन किया। महिलाओं ने तुलसी की 108 परिक्रमा की और मां लक्ष्मी को चांदी के सिक्के अर्पित कर पूजन किया। शाम को घरों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों के दरवाजों पर मिट्टी के दीये जलाए गए। छोटी दिवाली पर हनुमान जयंती के अवसर पर महावीरपुरा स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार रात आठ बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। देर रात जन्मोत्सव के बाद आरती हुई। रविवार तड़के तीन बजे हनुमानजी को चोला अर्पित कर विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद सुबह चार बजे से शृंगार दर्शन, हवन-पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

कोतवाली के सामने लगा सजावटी सामानों बाजार। संवाद– फोटो : भिवानी के रेलवे जंक्शन पर छाया स्मॉग।
