Lalitpur News:हुनर की परख के बाद 51 युवाओं को मिला अवसर – 51 Youths Received An Opportunity After Their Skills Were Assessed
ललितपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया गया। मेले में शामिल करीब 100 प्रशिक्षार्थियों में 51 का चयन किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में सुबह 10 बजे से अप्रेंटिस मेला शुरू हुआ। इसमें विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और उनकी तकनीकी दक्षता का आकलन किया। विभिन्न ट्रेडों से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की योग्यता का मूल्यांकन किया गया। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए। प्रधानाचार्य राजपाल सिंह ने बताया कि इस मेले का लक्ष्य संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जोड़ना है। प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को भी इससे लाभ मिलेगा। यह उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर भी प्रदान करेगा। इनमें अप्रेंटिस प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी, अनुदेशक दीपक वर्मा, अनुदेशक शिवम सेन आदि मौजूद रहे।
अप्रेंटिस मेले में आवेदन और साक्षात्कार हुए। इसके बाद दस्तावेज जमा कराए गए। भोपाल से आई कंपनी में चयन हुआ है। ऑफर लेटर मिलने के बाद नौकरी मिल सकेगी। ऐसे मेलों में कंपनियों के आने से अच्छी नौकरी मिलने की उम्मीद रहती है।-संदीप यादव
अप्रेंटिस मेले से पक्की सरकारी नौकरी मिलने तक रोजगार का अवसर मिला है। कंपनी में काम करने से अनुभव मिलेगा। कंपनी चयनित अभ्यर्थियों को अच्छा वेतन व रहने-खाने की सुविधा देगी। इससे हुनर सीखने का मौका मिलेगा।-सुखदयाल सिंह
एक प्रतिभागी ने बताया कि पिछली बार वह मेले में शामिल हुआ था, पर चयनित नहीं हो सका। इस बार कंपनी के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लिया है। उसे जल्द ही नौकरी का प्रस्ताव पत्र मिलने और अच्छी नौकरी की आस पूरी होने की उम्मीद है।-रितिक सेन
