Ludhiana News:भाजपा पार्षद और भाई पर मारपीट का मामला दर्ज – Case Of Assault Registered Against Bjp Councillor And His Brother
लुधियाना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद मुकेश खत्री और उनके भाई चेतन खत्री उर्फ बंटी के खिलाफ पड़ोसियों के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना बीती 13 नवंबर की रात प्रेम नगर इलाके में हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पड़ोसी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की रात करीब दो बजे पार्षद मुकेश खत्री और चेतन खत्री उनके मकान के बाहर ऊंची आवाज में तकरार कर रहे थे। उसने उन्हें शांत रहने को कहा। इस पर दोनों भाई आगबबूला हो गए और दुर्व्यवहार करने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों भाइयों ने उनके दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक दी। दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने अंदर घुसकर डंडों से हमला किया। वे उसे बालों से पकड़कर गली में घसीट लाए और भविष्य में जान से खत्म करने की चेतावनी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पार्षद मुकेश खत्री ने पुलिस में दर्ज बयानों को निराधार बताया है। खत्री का आरोप है कि राजकुमार अक्सर नशे की हालत में मोहल्ले वालों से उलझता रहता है। उस रात वे केवल उसे शांत कराने और समझाने गए थे।
