शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लुधियाना

Ludhiana News:50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पनग्रेन मैनेजर और मंडी इंस्पेक्टर गिरफ्तार – Panagren Manager And Mandi Inspector Arrested For Allegedly Demanding A Bribe Of 50 Thousand Rupees

November 8, 2026


शेलर की क्षमता के अनुसार धान का आवंटन बढ़ाने के बदले मांगी थी रिश्वत, शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड की थी बातचीत

संवाद न्यूज एजेंसी

बरनाला। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरनाला में पनग्रेन के मैनेजर मनप्रीत सिंह और बरनाला मंडी की इंस्पेक्टर एवं इंचार्ज दविंदर कौर को 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी लख्खी कॉलोनी, बरनाला के एक निवासी की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके चावल शेलर की क्षमता के अनुसार धान का आवंटन बढ़ाने के बदले पनग्रेन मैनेजर मनप्रीत सिंह और मंडी इंस्पेक्टर दविंदर कौर ने उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा रिश्वत मांगने के संबंध में हुई बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था। रिश्वत देने के लिए सहमत न होने पर उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क कर मामले की शिकायत की। विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। प्रवक्ता के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X