शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमृतसर

बंदी छोड़ दिवस मानवता की आजादी का प्रतीक:धामी – Bandi Chhor Divas Is A Symbol Of The Freedom Of Humanity: Dhami

November 8, 2026


अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने सिख जगत को बंदी छोड़ दिवस की बधाई दी। उन्होंने इस ऐतिहासिक दिवस को मानवता की आजादी, परोपकार और हक-सच के लिए आवाज बुलंद करने वाला बताया।

धामी ने कहा कि छठे गुरु हरगोबिंद साहिब द्वारा ग्वालियर किले से 52 राजाओं को रिहा करवाना न्याय और परोपकार की अनूठी मिसाल है। उन्होंने बताया कि बंदी छोड़ दिवस का संदेश केवल अपनी आजादी तक सीमित नहीं है। यह दूसरों को बंधनों से मुक्त करवाने और हर मनुष्य के अधिकारों की रक्षा करने की भावना से जुड़ा है। धामी ने संगत से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने गुरबाणी से जुड़ने और सेवा, सिमरन और परोपकार की भावना मजबूत करने को कहा। दीपमाला के साथ गुरबाणी जाप और गुरमत विचारों से मन को रोशन करने का भी आह्वान किया। 8 नवंबर को शाम पांच बजे श्री हरिमंदिर साहिब की दर्शनी ड्योढ़ी से संदेश दिया जाएगा। श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज सिख कौम के नाम संदेश देंगे। बंदी छोड़ दिवस को समर्पित गुरमत समागम गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में आयोजित होंगे। ये समागम 9 नवंबर तक जारी रहेंगे। 8 नवंबर की शाम को श्री हरिमंदिर साहिब और श्री दरबार साहिब परिसर में भव्य दीपमाला और आतिशबाजी होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X