श्रीनगर (महोबा)। कैमाहा-नौगांव मार्ग पर सोमवार की रात दो बाइकों कीभिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आ रही पिकअप करीब 30 मीटर तक घसीटती ले गई। युवक पिकअप के पहिये में फंस गया था। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक सवार युवक मौके से भाग गए।
थाना श्रीनगर के लुहेड़ी गांव निवासी मानवेंद्र विश्वकर्मा (22) साथी नीरज पाल (20) के साथ पिपरामाफ स्थित सिद्धबाबा मंदिर में आयोजित मोनिया मेला देखने गए थे। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के नजदीक नौगांव की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान पीछे से आई पिकअप के पहिये में मानवेंद्र फंस गया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। नीरज की हालत गंभीर होने पर उसे छतरपुर रेफर कर दिया गया। दूसरी बाइक पर सवार घायल युवक बाइक लेकर मौके से भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत के बाद पिकअप के पहिये में एक युवक फंसकर घिसटता चला गया। थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।