Mahoba News:पहले से बना शौचालय, फिर भी दूसरे का शुरू कराया निर्माण – A Toilet Was Already Built, Yet Construction Of Another One Was Initiated
कबरई (महोबा)। नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कस्बे के रानी लक्ष्मीबाई नगर स्थित योगशाला परिसर के अंदर पहले से सार्वजनिक शौचालय होने के बाद भी दूसरा शौचालय बनवाया जा रहा है। सभासद समेत 20 से अधिक नगरवासियों ने डीएम से शिकायत कर सरकारी धन का दुरुपयोग करने की आशंका जताई है।
सभासद पिंकी वर्मा के अलावा नगरवासी रविचंद्र वर्मा, धनेशचंद्र, गजेंद्र, कपिल, प्रदीप, अरमान, रामसेवक, हरप्रसाद वर्मा, घसीटा, कर्ण आदि का कहना है कि योगशाला की बाउंड्री के अंदर पहले से शौचालय बना है। इसके बाद भी बगल में दूसरा शौचालय बनवाया जा रहा है जबकि योगशाला के ठीक बगल में करीब दो बीघा भूमि पर बने पार्क में शौचालय की सुविधा नहीं है। ऐसे में नए शौचालय का निर्माण पार्क में कराया जाना अधिक उपयोगी होगा।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत को लिखित सूचना देने और निर्माण का विरोध करने के बावजूद ठेकेदार तेजी से काम करा रहा है। नगर पंचायत के जेई शिवचंद ने बताया कि नगरवासियों के विरोध पर निर्माण रुकवा दिया था। अधिशासी अभियंता को सूचना देने के बाद उनके आदेश पर निर्माण कराया जा रहा है।
