Mahoba News:लाठियों की गूंज व ढोलक की थाप पर दिवारी नृत्य जीवंत – The Diwari Dance Comes Alive To The Sound Of Sticks And The Beat Of The Dholak
महोबा। बुंदेलखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और वीरता की पहचान दिवारी नृत्य की परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। जिला उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित बुंदेली दिवारी लोकनृत्य में ग्रामीणांचलों से पहुंचीं 11 टीमों ने लाठियों के रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शहर के एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामनिवास यादव मुख्य अतिथि व कुशवाहा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश मौर्य विशिष्ट अतिथि रहे। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भागीरथ नगायच के निर्देशन में आयोजित महोत्सव में रहेलिया, गहरा, शाहपहाड़ी, मुड़हरा, बरा, चंद्रपुरा, कुम्हड़ौरा, मामना, बिलबई, छिकहरा और महोबा की टीमों ने प्रतिभाग किया। ढोलक की थाप पर थिरकते कलाकारों ने एक-दूसरे पर लाठियों से वार व बचाव के करतब दिखाए।
लाठियों के टकराने से गूंजती आवाज और युद्ध जैसे रोमांचक दृश्य ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। आयोजकों ने सभी नृत्य दलों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। जिलाध्यक्ष ने अतिथियों को गदा भेंटकर स्वागत किया। यहां पर किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र साहू, जिला महामंत्री उमेश लाक्षाकार, सुमंत शर्मा समेत व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
