Mahoba News:स्कूटी सवार युवकों ने की फायरिंग – Youths On A Scooter Opened Fire
महोबा। शहर के मोहल्ला पनागरपुरा में मंगलवार की रात स्कूटी सवार युवकों ने फिल्मी स्टाइल में फायरिंग की। एक मकान में गोली चलाने के दौरान दरवाजे पर खड़ी कार का शीशा टूट गया। साथ ही एक गोली मकान के अंदर रखे फ्रिज में लगी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
मोहल्ला पनागरपुरा निवासी दिनेशचंद्र चौरसिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की रात वह परिवार समेत घर पर था तभी दो युवक स्कूटी से घर के बाहर आए। आरोपियों ने पहले गालीगलौज की और फिर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली घर के अंदर रखे फ्रिज में रखी जबकि दूसरी मकान के बाहर खड़ी कार के शीशे में लगी। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक स्कूटी से आते नजर आ रहे हैं जिनमें से एक युवक स्कूटी से उतरकर फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत गोंड का कहना है कि पनागरपुरा में घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग करने की घटना संज्ञान में आई है। पुलिस व फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान सामने आया कि फायरिंग करने वाले व्यक्ति वादी के पूर्व परिचित हैं और दोनों के बीच पुराना विवाद था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर पुलिस तैनात की गई है।
