Mandi News:जोगिंद्रनगर में 80 छात्राओं की जांच में 40 में खून की कमी – In Jogindernagar, 40 Out Of 80 Female Students Tested Were Found To Have A Blood Deficiency (anemia)
रोटरी क्लब के स्वास्थ्य शिविर में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर क्षेत्र की बेटियों में एनीमिया (खून की कमी) की समस्या सामने आई है। बुधवार को डोहग स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में रोटरी क्लब की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 80 छात्राओं के रक्त की जांच की गई। इनमें करीब 40 छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य से कम पाया गया। आधी छात्राओं में खून की कमी का मामला सामने आने से संस्थान का स्टाफ भी हैरान रह गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खानपान में लापरवाही और जंकफूड के अधिक सेवन को इसकी प्रमुख वजह बताया।
रोटरी क्लब के स्वास्थ्य सचिव रामलाल वालिया ने बताया कि शिविर में छात्राओं सहित 100 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जिन छात्राओं में खून की कमी पाई गई, उन्हें क्लब की ओर से आयरन की दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार लेने और जंकफूड से परहेज करने की सलाह दी गई।
क्लब अध्यक्ष विनोद राठौर और वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बेटियों का स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। रोटेरियन डॉ. अनिल चौहान और मेजर ज्ञान चंद बरवाल ने भी छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ. प्रियंका ने कहा कि किशोरियों में हीमोग्लोबिन का उचित स्तर बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए संतुलित और पौष्टिक आहार के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी आवश्यक है। शिविर में लैब तकनीशियन लोकेश ठाकुर सहित रोटरी क्लब के सदस्य और आईटीआई का स्टाफ मौजूद रहा।
