Mandi News:निगम की कमाई से इंदिरा मार्केट के व्यापारियों का कारोबार ठप – The Business Of The Traders Of Indira Market Has Come To A Standstill Due To The Income Of The Corporation
एक तरफ 200 स्टॉलों से 2.40 लाख की कमाई तो दूसरी तरफ दुकानदारों में विरोध
शहर के मुख्य व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करने को हुए मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। दिवाली के मौके पर शहर में लगाए गए 200 स्टॉलों के शुल्क से जहां एक ओर नगर निगम की तिजोरी में 2.40 लाख रुपये की कमाई होने की उम्मीद है वहीं, इस फैसले से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी और विरोध के सुर उठने लगे हैं। निगम की इस नीति के चलते इंदिरा मार्केट के मुख्य व्यापारियों का व्यापार ठप होता नजर आ रहा है।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर निगम ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 200 स्टॉल आवंटित किए हैं जिनके लिए प्रतिदिन 300 रुपये शुल्क तय किया गया है। दुकानदारों को 4 बाई 6 का स्थान 8 तारीख तक के लिए दिया गया है। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत इनमें से 20 स्टॉलों पर शुल्क में रियायत दी गई है ताकि छोटे और कमजोर वर्ग के लोगों को रोजगार मिल सके। हालांकि इस व्यवस्था से एक वर्ग को फायदा तो हो रहा है लेकिन नियमित दुकानदारों के लिए यह जी का जंजाल बन गया है।
इंदिरा मार्केट व्यापार मंडल के प्रधान अशोक शर्मा ने विरोध जताते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही नगर निगम की महापौर को ज्ञापन सौंपा था जिसमें इंदिरा मार्केट की छत पर स्टॉल न लगाने की मांग की गई थी। उस दौरान वहां 8 से 10 पार्षद भी मौजूद थे जिन्होंने इस पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद निगम ने व्यापारियों की सुध नहीं ली। उन्होंने आरोप लगाया कि मात्र 30 स्टॉल लगाने की बात कहकर निगम ने 200 स्टॉल सजा दिए जिसके कारण इंदिरा मार्केट के दुकानदारों को हाथ पर हाथ धरे बैठना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि इस मनमानी का जवाब निगम को समय आने पर दिया जाएगा।
बाक्स
शहर वासियों की सुविधा और स्थानीय दुकानदारों व स्वयं सहायता समूहों के स्वरोजगार को ध्यान में रखते हुए शहर में स्टॉल आवंटित किए गए हैं। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत कुछ स्टॉलों पर रियायत दी गई है। -डॉ. मदन कुमार, आयुक्त, नगर निगम मंडी।
