शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:सामूहिक निधि के कलेक्शन काउंटरों पर लटके ताले, लाखों रुपये फंसे – Locks Hang On The Collection Counters For The Collective Fund; Lakhs Of Rupees Are Stuck

November 4, 2026


गोहर में 15 लाख तो थुनाग में 14 लाख रुपये का भुगतान अटका

चार महीने से बंद पड़ा है कलेक्शन काउंटर, खाताधारक परेशान

संवाद न्यूज एजेंसी

गोहर (मंडी)। सामूहिक निधि के नाम पर आरडी और एफडी योजनाओं में पैसा जमा करवाने वाले खाताधारकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी के कलेक्शन काउंटर बंद होने और एजेंटों के संपर्क से बाहर होने के कारण लोगों की जमा पूंजी फंसने की आशंका गहरा गई है। गोहर और थुनाग क्षेत्र में ही करीब 29 लाख रुपये के भुगतान का मामला सामने आया है।

जोगिंद्रनगर से संचालित सामूहिक निधि के प्रबंधन की ओर से मंडी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सैकड़ों कलेक्शन काउंटर खोले गए थे। इन काउंटरों के माध्यम से दुकानदारों और आम लोगों से आरडी तथा एफडी योजनाओं के तहत नियमित रूप से धनराशि जमा करवाई जाती थी। स्थानीय स्तर पर एजेंटों और दुकानदारों के माध्यम से यह व्यवस्था संचालित की जा रही थी। खाताधारक प्रतिदिन 50 से 100 रुपये तक की राशि जमा करवाते थे। जबकि कुछ लोगों ने बड़ी रकम की आरडी और एफडी भी करवाई थी।

गोहर क्षेत्र के खाताधारकों के अनुसार पिछले चार महीनों से कलेक्शन काउंटर बंद पड़ा है। दुकानदारों की करीब 15 लाख रुपये की राशि का भुगतान बकाया है। वहीं, थुनाग क्षेत्र में भी करीब 14 लाख रुपये का चेक बाउंस होने का मामला सामने आया है।

स्थानीय दुकानदारों रमेश चंद, पंकज, सुनीता कुमारी, अजय कुमार, कृष्ण कुमार, हेमंत, देवी सिंह, धर्मेंद्र कुमार, नरेंद्रा देवी, प्रेम और नवल कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि उन्होंने नियमित रूप से कंपनी के प्रतिनिधियों के माध्यम से राशि जमा करवाई थी। पहले एजेंट नियमित रूप से पैसे लेने आते थे, लेकिन पिछले कई महीनों से उनका आना बंद हो गया है।

अब कलेक्शन काउंटरों पर ताले लटके हुए हैं और संबंधित संचालकों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। लंबे समय तक छोटी-छोटी बचत करके भविष्य के लिए पैसा जमा करवाने वाले लोगों को अब अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने की चिंता सता रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X