शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:2000 अभ्यर्थियों को बुलाया, 1416 पहुंचे, 459 ने पास की शारीरिक दक्षता परीक्षा – 2000 Candidates Were Called, 1416 Arrived, And 459 Passed The Physical Efficiency Test

November 20, 2026


पंडोह में पुलिस कांस्टेबल भर्ती का दूसरा दिन, 957 अभ्यर्थी दौड़ और ऊंची कूद में रहे असफल

संवाद न्यूज एजेंसी

पंडोह (मंडी)। पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को 459 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। दूसरे दिन परीक्षा के लिए कुल 2000 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन इनमें से 1416 अभ्यर्थी ही भर्ती स्थल पर पहुंचे। परीक्षा में शामिल हुए 957 अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक दक्षता मापदंडों पर खरा नहीं उतर पाए और भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए।

पंडोह में सुबह तड़के से ही भर्ती स्थल पर युवाओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सुबह छह बजे से ही अभ्यर्थी मैदान में पहुंचने लगे थे। भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे पहले युवाओं के शारीरिक मापदंड जांचे गए। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। इसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित दूरी की दौड़ और ऊंची कूद समेत अन्य शारीरिक चुनौतियों से गुजरना पड़ा।

दूसरे दिन की परीक्षा में लंबी दूरी की दौड़ ने कई युवाओं का दम निकाल दिया। दौड़ पूरी करने के दौरान कई अभ्यर्थियों की सांसें फूल गईं और वे निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। वहीं, ऊंची कूद भी युवाओं के लिए बड़ी बाधा साबित हुई। इसमें अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण कई अभ्यर्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित शारीरिक मापदंडों और दक्षता के आधार पर अभ्यर्थियों की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X