Mathura News:ठाकुर बांकेबिहारी की सेवा में खर्च किए जाएंगे 40 करोड़ – 40 Crore To Be Spent On The Service Of Thakur Banke Bihari
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान की गई राशि पर मिली 40 करोड़ रुपये की ब्याज राशि अब ठाकुरजी की सेवा में खर्च की जाएगी। इस धनराशि से ठाकुरजी के लिए सोने का पलंग, पात्र और शृंगार बनवाने पर विचार किया जा रहा है। मंदिर की उच्चाधिकार प्रबंध समिति ने इस संबंध में सेवायत गोस्वामियों को लेखाजोखा भेजा है।
देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु मंदिर में रखी गोलकों और ऑनलाइन माध्यम से करोड़ों रुपये का चढ़ावा चढ़ाते हैं। मंदिर की उच्चाधिकार प्रबंध समिति भक्तों से मिली दान राशि को विभिन्न बैंक शाखाओं में मंदिर के खातों में जमा करती है। श्रीबांकेबिहारी महाराज के बैंक खातों में लगभग 268 करोड़ रुपये की दान राशि जमा है। वर्ष 2013 से इस जमा राशि पर बैंक द्वारा ब्याज पर ब्याज लगाकर लाभ राशि दी जा रही है। यह लाभ राशि अब बढ़कर लगभग 40 करोड़ रुपये हो गई है। मंदिर समिति ने मंदिर के सीए द्वारा तैयार लेखाजोखा रिपोर्ट सदस्य एवं सेवायत गोस्वामियों को भेजी है। गोस्वामी समाज इस धनराशि को ठाकुरजी की सेवा में कैसे लगाया जाए, इस पर मंथन कर रहा है। मंदिर समिति के सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि यह ब्याज राशि पिछले 15 वर्षों से खर्च नहीं की गई थी।
ठाकुरजी के लिए सोने का पलंग और पात्र
गोस्वामी समाज इस 40 करोड़ रुपये की लाभ राशि के उपयोग पर विचार कर रहा है। मुख्य रूप से ठाकुरजी के विश्राम के लिए सोने का पलंग बनवाने की योजना है। इसके अतिरिक्त, सोने के पात्र और शृंगार सामग्री भी बनवाई जाएगी। यह सभी वस्तुएं ठाकुरजी की सेवा और वैभव में वृद्धि करेंगी।
प्रस्तावित बैठक में रखे जाएंगे सुझाव
मंदिर समिति के गोस्वामी सदस्य इस संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। ये सुझाव 17 दिसंबर को प्रस्तावित जनरल बैठक में रखे जाएंगे। बैठक में धनराशि के उपयोग की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। यह निर्णय श्रद्धालुओं की भावनाओं और मंदिर की परंपराओं को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
