रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मथुरा

Mathura News:यमुना के 25 घाटों पर जगमगाएंगे ढाई लाख दीप – 250,000 Lamps To Illuminate 25 Ghats Along The Yamuna

November 24, 2026


मथुरा। कार्तिक पूर्णिमा पर देव दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन यमुना के 25 घाटों को ढाई लाख दीपों से रोशन करने की तैयारी है। इस बार यमुना के उस पार भी दीपदान होगा। इसकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को अधिकारियों और देव दिवाली महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बैठक की और घाटों का निरीक्षण किया।

कलक्ट्रेट सभागार में नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जहां कमियां मिलीं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का दल बंगाली घाट पहुंचा। यहां से नाव और स्टीमर के जरिये यमुना के उन घाटों का निरीक्षण किया गया, जहां दीपदान होना है। कर्मचारियों को मंगलवार दोपहर 12 बजे तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

देव दिवाली महोत्सव समिति के अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा और महामंत्री आचार्य ब्रजेंद्र नागर ने बताया कि इस बार 25 घाटों के साथ यमुना के पार भी दीपदान की व्यवस्था रहेगी। आतिशबाजी भी कराई जाएगी। अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयागराज चतुर्वेदी, ब्रज मंडल के अध्यक्ष मुरारी लाल उपाध्याय, महामंत्री यज्ञदत्त चतुर्वेदी और जिलाध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि आयोजन में विभिन्न विभागों के अलावा 10 से 15 स्कूलों के करीब 700 विद्यार्थी सहयोग करेंगे।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, विहिप के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, पंकज शर्मा, विजय बहादुर सिंह, अखिलेश मिश्रा पिंटू, तरुण नागर, आशीष माहेश्वरी, संदीप माथुर, नारायण शर्मा, विमल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X