रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mirzapur News:अस्पताल में बेटे के जन्म की खुशियां मना रहे थे लेखपाल, घर से गहने व नकदी चोरी – Accountant Celebrating Son’s Birth At Hospital; Jewelry And Cash Stolen From His Home
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:अस्पताल में बेटे के जन्म की खुशियां मना रहे थे लेखपाल, घर से गहने व नकदी चोरी – Accountant Celebrating Son’s Birth At Hospital; Jewelry And Cash Stolen From His Home

November 25, 2026


पड़री। एक ओर अस्पताल में बेटे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, तो दूसरी ओर चोर घर खंगाल रहे थे। पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव में चोरों ने लेखपाल के मकान से 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.80 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।

घटना के समय घर में केवल 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला और छह साल की बच्ची मौजूद थी। सोमवार को घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध बता रही है।

पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव निवासी अनूप कुमार दुबे लेखपाल हैं। उनकी पत्नी अंकिता को 19 नवंबर को मिर्जापुर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से पुत्र हुआ था। प्रसव के चलते परिवार के अधिकांश सदस्य अस्पताल में मौजूद थे।

घर पर अनूप की बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी ही थी। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और अन्य स्थानों पर रखे कीमती आभूषण व नकदी पार कर दी।

सोमवार को अस्पताल से घर लौटने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थी।

अनूप कुमार दुबे ने पड़री थाने में तहरीर देकर चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय संदिग्ध बता रही है।

थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिर भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X