Mirzapur News:छात्रवृत्ति फॉर्म भरने गया था, सुबह लाश मिली – He Went To Fill Out A Scholarship Form; His Body Was Found In The Morning
लालगंज। देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर से लालगंज के लहंगपुर छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने के लिए सोमवार शाम को गए सुनील (24) का मंगलवार की सुबह वाराणसी-रीवा एनएच पर राजापुर गांव के पास सड़क किनारे शव मिला।
पुलिस डिवाइडर से टकराकर मौत होने की बात कह रही है तो परिजन हत्या की आशंका जताते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कोतवाली के करनपुर निवासी सुनील बाइक से लालगंज के लहंगपुर साइबर कैफे गया था। रात को घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हुए। मंगलवार सुबह राजापुर गांव के पास लहंगपुर पुलिस चौकी के पास शव मिला। पुलिस ने पास में मिले दस्तावेजों पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की। सुनील तीन भाईयों में सबसे छोटा था।
उसकी शादी नहीं हुई थी। मृतक के भाई रामजी प्रसाद ने बताया कि भाई छात्रवृत्ति भरने गया था। रात को घर नहीं आया।
सुबह उसका शव मिला तो चेहरे पर काफी चोट लगी थी। बाइक सही थी। उन्होंने आशंका जताया कि हादसा होता तो सुनील की बाइक भी टूटी थी। उसकी हत्या की गई है।
उसके पास मोबाइल और तीन हजार रुपये मिला। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। किसी अज्ञात वाहन से टक्कर की आशंका की जांच की जा रही है।
