रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मोहाली

Mohali News:मायके से बेटी से मिलने स्कूल पहुंची महिला की पति ने की पिटाई, ससुराल में पिया जहर, मौत – Woman Beaten By Husband After Visiting Her Daughter At School; Later Consumes Poison At Her In-laws’ Home And Dies

November 27, 2026


महिला के पिता ने दामाद पर लगाया बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप, मामला दर्ज

संवाद न्यूज एजेंसी

मोहाली/जीरकपुर। गांव छत में पति की मारपीट और घरेलू प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे गंभीर हालत में चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने अपने दामाद पर बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर जीरकपुर पुलिस ने आरोपी पति विजय प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में मृतका के पिता जुगल किशोर निवासी गुरदेव नगर भबात ने बताया कि उनकी बेटी रूपवती (करीब 29 वर्ष) की शादी लगभग 13 साल पहले गांव छत निवासी विजय प्रकाश के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। शादी के करीब दो साल बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा था। पिता के मुताबिक, उनका दामाद अक्सर बेटी पर गलत आरोप लगाता था और उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल देता था। घरेलू विवाद के चलते रूपवती कई बार मायके भी आ जाती थी और काफी परेशान रहती थी। पिता ने बताया कि 25 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे रूपवती अपनी छोटी बेटी मैंडी से मिलने गांव छत के मॉडल स्कूल पहुंची थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उसे बच्ची से मिलने की अनुमति नहीं दी। जब पति विजय प्रकाश को पता चला कि रूपवती स्कूल आई है तो वह भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि स्कूल से बाहर निकलने पर उसने रूपवती के साथ मारपीट की।

आंगन में तड़पती मिली बेटी, पिता को बताई आपबीती

जुगल किशोर के अनुसार, बेटी ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। उसने ससुराल में जाकर जहरीली दवा पी ली है। पिता जल्द ही गांव छत स्थित अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे तो रूपवती घर के आंगन में तड़प रही थी। इसी दौरान उसका चाचा ससुर नन्ने भी वहां पहुंच गया। पिता के मुताबिक, रूपवती ने बताया कि पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ पी लिया है। इसके बाद दोनों ने एंबुलेंस का इंतजाम कर उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

कोट

घटना के बाद 25 नवंबर को अस्पताल से सूचना मिलने पर मृतका के पिता से संपर्क किया था। उस समय वह सदमे में होने के कारण बयान दर्ज करवाने की स्थिति में नहीं थे। परिवार और रिश्तेदारों से सलाह करने के बाद 26 नवंबर को उन्होंने थाने पहुंचकर बयान दर्ज करवाया। पिता ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। – सब इंस्पेक्टर इकरांत गोयल, जांच अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X