Mohali News:स्वास्तिक विहार कॉलोनी की सड़कों का 47 लाख से होगा कायाकल्प, लोगों को मिलेगी आवागमन में राहत – Roads In Swastik Vihar Colony To Undergo A Transformation At A Cost Of 47 Lakh; Residents To Get Relief In Commuting
जीरकपुर। पटियाला रोड की स्वास्तिक विहार कॉलोनी के निवासियों को धनतेरस पर प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासियों को अब जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिलने जा रही है। नगर परिषद द्वारा कॉलोनी की सड़कों के कायाकल्प पर 47 लाख रुपये के फंड को मंजूरी दी गई है, जिसमें कॉलोनी की अंदरूनी और मुख्य सड़क का नए सिरे से कायाकल्प किया जाएगा। वहीं, सड़कों का कायाकल्प होने के बाद यहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ रोजाना आने-जाने वाले राहगीरों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, सड़कें बनने के बाद कॉलोनी में आवागमन पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा और जगह-जगह बने गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़ता था। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती थी। बारिश के दिनों में सड़क की खराब हालत के कारण दिक्कतें और बढ़ जाती थीं। नई सड़क बनने से इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलेगी। इसके अलावा कॉलोनी की सड़कों की हालत सुधरने से आसपास के क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी। बेहतर सड़क व्यवस्था से कॉलोनी की साफ-सफाई और समग्र विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे निवासियों के लिए यह फैसला राहत लेकर आया है। शुक्रवार दोपहर ढ़ाई बजे हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और नपा प्रधान गुरप्रीत सिंह विर्क ने रिबन काटकर सड़क निर्माण प्रोजेक्ट का शुभारंभ करवाया। इस मौके वार्ड इंचार्ज गगनदीप सिंह गैरी, वार्ड-1 से पार्षद गुरविंदर सिंह, वार्ड-19 से पार्षद रजिंदर सिंह राजा सहित ईओ परविंदर सिंह भट्टी मौजूद रहे।
