रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:आज श्रद्धालु नील सरोवर में लगाएंगे आस्था की डुबकी – Today, Devotees Will Take A Sacred Dip In Neel Sarovar

November 23, 2026


कांठ। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आज श्रद्धालु नील सरोवर (रामगंगा नदी) में आस्था की डुबकी लगाएंगे। खादर क्षेत्र में रामगंगा तट पर लगने वाले गंगा स्नान के वार्षिक मेलों की सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है। अधिकारियों ने मेला स्थल का दौरा कर जायजा लिया है।

कांठ क्षेत्र में कमालपुरी श्री श्री 1008 श्री स्वामी देवानंद देवस्वरूप निष्कलंकी महाराज ओमकारेश्वर मंदिर नील सरोवर धाम पर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के मेले का आयोजन किया जाता है। यहां श्रद्धालु रामगंगा नदी में स्नान कर दीप दान करते हैं। इसी के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर यहां छोटे-छोटे बच्चों के मुंडन भी परंपरागत ढंग से कराए जाते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां रविवार को तीन दिवसीय श्रीरामचरित्र मानस के पाठ का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू ने किया था। जिसकी समाप्ति मंगलवार को आज विधिवत की जाएगी और भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला आयोजकों के अनुसार तड़के से ही नील सरोवर में श्रद्धालुओं के द्वारा स्नान प्रारंभ कर दिया जाएगा। मेले के लिए सोमवार से ही दुकानें लगनी शुरू हो गई थी। सीओ सुनीता दहिया, प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह, तहसीलदार कपिल कुमार आजाद, नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सक्सेना आदि ने मेला स्थल का दौरा किया और सुरक्षा के इंतजाम देखे। मेले की शांतिपूर्ण सफलता के लिए पुलिस ड्यूटियां लगाई गई हैं। वहीं दूसरी ओर कांठ के दरियापुर में गंगा स्नान के मेले की सभी तैयारियों को आयोजक कमेटी के द्वारा पूरा कर लिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X