Moradabad News:रखरखाव से दूरी, पार्कों की मुस्कान अधूरी – Neglected Maintenance Leaves Parks Lacking Their Charm
मुरादाबाद। नए मुरादाबाद की एमडीए कॉलोनी के सेक्टर-10 में पांच से अधिक पार्क हैं, जो लंबे समय से बदहाल हैं। कहीं झूले लगे हैं तो उनके आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं। कहीं पार्कों की दीवारें टूटी हैं तो कहीं रंगरोगन तक नहीं हुआ है। रखरखाव के अभाव में कई पार्क जंगल में तब्दील हो चुके हैं। दिन में भी इन पार्कों के आसपास जाने से लोग कतराते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्कों में साही, गीदड़, सांप और नीलगाय दिखाई देती हैं। इस वजह से बच्चों के खेलने और लोगों के टहलने के लिए बनाए गए पार्क सुरक्षित नहीं रहे। डॉ.आदित्य शर्मा ने बताया कि उन्हें एमडीए कॉलोनी में रहते हुए पांच साल से अधिक हो गए हैं। इस दौरान वह पार्कों की बदहाली दूर कराने के लिए एमडीए में करीब 10 बार शिकायत कर चुके हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से पार्कों को ठीक कराने का आश्वासन दिया जाता है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। आज भी पार्कों की हालत जस की तस बनी हुई है।
वहीं, अटल स्मृति वाटिका पार्क भी करीब पांच साल तक बदहाल रहा। यहां न दीवारें ठीक थीं और न ही झूले लगे थे। चारों तरफ झाड़ियां उगी हुई थीं। मनु सैनी ने बताया कि करीब एक साल पहले पार्क की सफाई कराई गई, दीवारें ठीक हुईं और झूले भी लगाए गए। इससे पार्क की हालत सुधर गई थी लेकिन एक वर्ष से इसका रखरखाव नहीं हुआ। अब दोबारा झाड़ियां इतनी बड़ी हो गई हैं कि उनमें सांप दिखाई देने लगे हैं। ऐसे में पार्क में जाना ही छोड़ दिया है।
सेक्टर के तीसरे पार्क की हालत इससे भी खराब है। लोगों का कहना है कि दिन में भी वहां जाने की हिम्मत नहीं होती और रात में उसके आसपास से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। ब्रजेश सक्सेना ने बताया कि पार्कों में साही, गीदड़, सांप और नीलगाय दिखाई देती हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि पार्कों की बदहाली से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इसके बावजूद एमडीए की ओर से नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
लोगों के बयान
-पांच साल से अधिक समय से सेक्टर-10 में रह रहे हैं। पार्कों की बदहाली दूर कराने के लिए एमडीए में करीब 10 बार शिकायत कर चुके हैं। हर बार पार्क ठीक कराने का आश्वासन मिलता है लेकिन आज तक स्थिति नहीं बदली।- डॉ. आदित्य शर्मा
– सेक्टर के कई पार्कों में साही, गीदड़, सांप और नीलगाय दिखाई देती हैं। एक पार्क की हालत इतनी खराब है कि दिन में भी वहां जाने की हिम्मत नहीं होती। रात में उसके पास से गुजरना भी मुश्किल है।- ब्रजेश सक्सेना
-पार्कों की नियमित सफाई और देखरेख नहीं होने से झाड़ियां लगातार बढ़ रही हैं। लोगों के लिए बनाए गए पार्कों में असुरक्षा का माहौल है। एमडीए को नियमित रखरखाव कराना चाहिए।- डॉ. मोहम्मद एकवल
– पार्कों की बदहाली के कारण बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित जगह नहीं मिल पा रही है। झाड़ियां और टूटी दीवारें परेशानी बढ़ा रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हुआ।- अर्चना यादव
5. पार्कों में झूले और अन्य सुविधाएं होने के बावजूद उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। झाड़ियों के कारण बच्चे वहां जाने से डरते हैं। पार्कों की नियमित सफाई जरूरी है।- अंशिका गुप्ता
6. पार्कों की हालत देखकर लगता ही नहीं कि उनकी देखरेख की जिम्मेदारी किसी विभाग की है। सफाई, रंग-रोगन और दीवारों की मरम्मत तक नहीं हो रही। एमडीए को सभी पार्कों का निरीक्षण कराकर उनकी स्थिति सुधारनी चाहिए।- स्वाति चौहान
बयान
नया मुरादाबाद में पार्काें के कायाकल्प के लिए सभी बदहाल पार्काें को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही बदहाल पार्काें का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।-एमडीए वीसी अनुभव सिंह
