रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:हरथला में सरकारी जमीन से हटवाया साप्ताहिक बाजार, ठेकेदार को किया तलब – Weekly Market Removed From Government Land In Harthala; Contractor Summoned

November 23, 2026


सरकारी भूमि पर दुकानें लगवाकर रुपये वसूलने का आरोप, दिखाने होंगे दस्तावेज

प्रवर्तन टीम ने हटवाईं दुकानें, दोबारा बाजार लगाने पर जुर्माने की दी चेतावनी

अमर उजाला ब्यूरो

मुरादाबाद। सरकारी जमीन और सड़कों पर हरथला में वर्षों से लगाए जा रहे साप्ताहिक बाजार पर रविवार शाम नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानें और फड़ हटवाए। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन सामान जब्त करने की चेतावनी मिलते ही पीछे हट गए। नगर निगम ने बाजार लगवाने वाले ठेकेदार को भी तलब किया है। उसे सोमवार को ठेके के लाइसेंस और वसूली से संबंधित दस्तावेजों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवर्तन दल के प्रभारी सीओ अविनाश गौतम के मुताबिक, बाजार लगाने के नाम पर सरकारी जमीन और सड़कों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार इन स्थानों पर दुकानें लगवाकर दुकानदारों से रुपये वसूल रहा है। ठेकेदार को दस्तावेजों के जरिये यह स्पष्ट करना होगा कि उसे किन स्थानों पर बाजार लगाने की अनुमति मिली है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में रामस्वरूप नाम के व्यक्ति की निजी जमीन पर साप्ताहिक बाजार लगता था। बाद में उनके परिजनों ने अपनी संपत्ति ठेके पर दे दी, लेकिन बाजार का दायरा बढ़ते-बढ़ते गलियों, सड़कों और सरकारी जमीन तक पहुंच गया।

सीओ अविनाश गौतम ने चेतावनी दी कि दोबारा अवैध बाजार लगा तो दुकानें हटाने के साथ सामान जब्त किया जाएगा और दुकानदारों व ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी अवैध रूप से लगने वाले साप्ताहिक बाजार हटवाए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X