नीमच के इंदिरा नगर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। भगवानपुरा रोड स्थित एक घर की छत पर 40 वर्षीय महिला सीमा सोनी मरणासन्न हालत में मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने देखा कि महिला अर्धनग्न अवस्था में, भीषण गर्मी में एक टूटी खाट पर पड़ी थी। हालत इतनी दयनीय थी कि वह कंकाल जैसी दिख रही थी।
चार साल से नहीं देखा था किसी ने
पड़ोसियों का कहना है कि सीमा पिछले चार-पांच वर्षों से घर से बाहर नहीं निकली थी। लोगों को लगा कि वह शायद कहीं चली गई है, लेकिन वायरल वीडियो ने घर की भयावह सच्चाई उजागर कर दी। टीम के पहुंचते ही महिला ने दबी आवाज में सिर्फ ‘खाना’ मांगा, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
ये भी पढ़ें- MP News: महिला आरक्षण बिल पर सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘जनता देगी जवाब’
पति का तर्क, प्रशासन की सख्ती
पति अजीत सोनी ने दावा किया कि पत्नी डिप्रेशन में है और घर में निर्माण कार्य के चलते उसे छत पर रखा गया था। हालांकि, प्रशासन पति के दावों से संतुष्ट नहीं है। महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।