Muzaffarnagar News:राज्यमंत्री कपिल देव ने लगाई फटकार बोले, पीएम आवास में कील ठोंकने से निकलने लगती है रेत – Minister Of State Kapil Dev Reprimanded, Saying That Sand Starts Coming Out When A Nail Is Hammered Into The Pm’s Residence
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को विकास भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
कहा कि पीएम आवास के निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब होने की शिकायतें हैं कि दीवारों में कील ठोकने पर रेत निकलने लगती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी और जनता को परेशान करने वाली कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में राज्यमंत्री ने एमडीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भवनों के नक्शे स्वीकृत करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। जब नागरिक नियमानुसार आवेदन कर रहे हैं तो उनके नक्शे अनावश्यक रूप से लंबित क्यों रखे जा रहे हैं। उन्होंने नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए आवासों की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर मंत्री ने गंभीर नाराजगी जताई। कहा कि निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब होने की शिकायतें हैं कि दीवारों में कील ठोकने पर रेत निकलने लगती है।
एक सड़क को बार-बार खोदने पर अधिकारियों को घेरा
जल निगम के अधिशासी अभियंता से पाइपलाइन और पानी की टंकियों के निर्माण की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई तो कर दी जाती है, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई जाती। उन्होंने खोदी गई सड़कों को शीघ्र पूर्व की स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और सहायक अभियंता पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि आखिर एक ही सड़क को कितनी बार बनाया और खोदा जाएगा। उन्होंने ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन शिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिये। कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जिन ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट किया जाना था, उनका काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
गांवों की गंदगी और अस्पताल की शिकायतों पर सख्ती
राज्यमंत्री ने डीपीआरओ रेनु श्रीवास्तव को ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि गांवों के बाहर कूड़े के ढेर लगे हैं और सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतों पर सीएमओ को जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह को निर्देशित करते हुए मंत्री ने श्रम विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतों पर नाराजगी जताई। नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, डीएम सुनील कुमार सिंह, सीडीओ अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह, सीएमओ डॉ.सुनील तेवतिया शामिल रहे।
