रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Nainital News:त्रिशूल होमस्टे पर चला बुलडोजर, किचन और स्टोर का हिस्सा किया ध्वस्त – Bulldozer Used At Trishul Homestay; Portions Of The Kitchen And Store Demolished
नैनीताल

Nainital News:त्रिशूल होमस्टे पर चला बुलडोजर, किचन और स्टोर का हिस्सा किया ध्वस्त – Bulldozer Used At Trishul Homestay; Portions Of The Kitchen And Store Demolished

November 25, 2026


किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद किया गया था सील, जांच में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण का मामला आया था सामने

माई सिटी रिपोर्टर

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली-कठघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। प्रशासनिक टीम ने होमस्टे परिसर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए किचन और स्टोर के हिस्से को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई को किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद होमस्टे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की दूसरी बड़ी कड़ी माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, त्रिशूल होमस्टे में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने की शिकायत और जांच के बाद प्रशासन ने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया था। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और चिह्नित अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई में होमस्टे के किचन और स्टोर का हिस्सा तोड़ा गया। कुछ दिन पहले प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने होमस्टे का निरीक्षण किया था। जांच में होमस्टे का वैध पंजीकरण नहीं मिलने और किशोरी को पहचान पत्र का समुचित सत्यापन किए बिना कमरा उपलब्ध कराने की बात सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन ने होमस्टे को सील कर दिया था।

–

किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद सुर्खियों में आया था होमस्टे

त्रिशूल होमस्टे का नाम नवंबर में 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सामने आया था। पुलिस के अनुसार, किशोरी 12 नवंबर की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इसी दौरान कुछ परिचित युवक उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि बाद में उसे कठघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे ले जाया गया और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। धीरज बिष्ट एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रह चुका था। मामले की जांच पॉक्सो अधिनियम के तहत की जा रही है।

–

बिना पंजीकरण चल रहा था 11 कमरों का होमस्टे

प्रशासन और पर्यटन विभाग की जांच में सामने आया कि 11 कमरों वाले इस होमस्टे का वैध पंजीकरण नहीं था। आरोप है कि किशोरी को पहचान पत्र का समुचित सत्यापन किए बिना कमरा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद 14 नवंबर को सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम ने होमस्टे को सील कर दिया था। पर्यटन विभाग ने भी संचालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की थी।

—

जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

मामले की जांच में पुलिस पीड़िता और उसके परिजन और होमस्टे संचालक के बयान दर्ज कर चुकी है। सामूहिक दुष्कर्म के सभी चार आरोपी फिलहाल जेल में हैं। पुलिस के अनुसार कुछ दस्तावेजी प्रक्रिया अभी बाकी है जिसे जल्द से जल्द पूरा कर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।

–

होमस्टे का कुछ हिस्सा सरकारी नाले के ऊपर अतिक्रमण कर बनाया गया था। जांच में पुष्टि होने के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। – एपी बाजपेई, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X