Bajaj Chetak नंबर-1! अक्टूबर में इन 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की धूम, 82% बढ़ी सेल
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में इस साल अक्टूबर के महीने में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. त्योहारी सीजन और बढ़ रही मांग के चलते टॉप-5 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सेल्स रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में इन मॉडल्स की कुल बिक्री 1,83,501 यूनिट तक पहुंच गई, जबकि पिछले साल अक्टूबर 2025 में ये आंकड़ा महज 1,00,787 यूनिट था.
यानी सालाना आधार पर इन टॉप मॉडलों की बिक्री में 82 प्रतिशत से ज्यादा की भारी ग्रोथ आई है. इस बार बाजार में पारंपरिक ऑटो कंपनियों का दबदबा साफ नजर आया, जहां बजाज और टीवीएस जैसे ब्रांड्स ने अपनी मजबूत पकड़ बनाते हुए बिक्री के नए रिकॉर्ड कायम किए हैं. आइए अक्टूबर 2026 में सबसे ज्यादा बिकने वाले टॉप-5 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के बारे में जानते हैं.
Bajaj Chetak
अक्टूबर 2026 में बजाज चेतक देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर बनकर उभरा है. कंपनी ने इस महीने चेतक की कुल 64,134 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि पिछले साल अक्टूबर 2025 में ये आंकड़ा 34,900 यूनिट था. सालाना आधार पर चेतक की बिक्री में 29,234 यूनिट्स की बढ़ोतरी हुई है, जो करीब 83.76 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ को दर्शाता है.
TVS iQube
बिक्री के मामले में टीवीएस आईक्यूब दूसरे स्थान पर रहा. अक्टूबर 2026 में इसकी कुल 50,570 यूनिट बिकी हैं, जो पिछले साल इसी महीने बेची गई 31,989 यूनिट के मुकाबले काफी अधिक है. आईक्यूब की बिक्री में सालाना आधार पर 18,581 यूनिट का इजाफा हुआ है. ये करीब 58.08 प्रतिशत की मजबूत बढ़त है, जो फैमिली स्कूटर सेगमेंट में इसकी पॉपुलरिटी दिखाती है.
Hero Vida
हीरो मोटोकॉर्प के इलेक्ट्रिक ब्रांड विडा ने भी इस महीने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया. अक्टूबर 2026 में हीरो विडा की 30,065 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जबकि अक्टूबर 2025 में केवल 14,019 यूनिट्स ही बिकी थीं. इस तरह कंपनी ने अपनी बिक्री को दोगुना से भी ज्यादा करते हुए 114.45 प्रतिशत की जबरदस्त सालाना ग्रोथ हासिल की है.
Ather Rizta
एथर एनर्जी का फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर रिज्टा चौथे पायदान पर रहा. अक्टूबर 2026 में इसकी कुल 19,505 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल अक्टूबर 2025 में ये आंकड़ा 19,879 यूनिट था. टॉप-5 की लिस्ट में रिज्टा अकेला ऐसा स्कूटर रहा, जिसकी बिक्री में मामूली गिरावट देखने को मिली. सालाना आधार पर इसकी बिक्री 374 यूनिट यानी करीब 1.88 प्रतिशत कम रही.
TVS Orbiter
टीवीएस का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ऑर्बिटर टॉप-5 की लिस्ट में पांचवें नंबर पर जगह बनाने में कामयाब रहा. अक्टूबर 2026 में कंपनी ने इसकी कुल 19,227 यूनिट बेची हैं. हाल ही में लॉन्च हुए इस नए स्कूटर की शुरुआत बेहद दमदार मानी जा रही है.
