शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नोएडा

Noida News:दीपावली से पहले 59 पीड़ितों को लौटाए 26 करोड़ रुपये – Rs 26 Crore Returned To 59 Victims Ahead Of Diwali

November 7, 2026


पीएनबी घोटाले में राहत मिलने से किसानों के चेहरे खिले

माई सिटी रिपोर्टर

ग्रेटर नोएडा। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की पीआई ब्रांच में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले से प्रभावित खाताधारकों को दीपावली से पहले राहत मिली है। बैंक प्रबंधन ने करीब 59 पीड़ितों के लगभग 26 करोड़ रुपये वापस कर दिए हैं। दावा है कि घोटाले में प्रभावित लोगों की करीब 99 प्रतिशत रकम लौटाई जा चुकी है। अब केवल एक खाताधारक के करीब तीन लाख रुपये वापस होने बाकी हैं।

पीआई ब्रांच में 60 से अधिक खाताधारकों की एफडी और मुआवजे की रकम में गड़बड़ी का मामला सामने आया था। आरोप था कि बैंक में तैनात कर्मचारियों ने खाताधारकों की जानकारी और बैंकिंग प्रणाली का दुरुपयोग कर उनकी जमा पूंजी दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दी। मामला उजागर होने के बाद पीड़ितों ने बैंक अधिकारियों से शिकायत की थी। रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर खाताधारकों ने कई बार शाखा पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और धरना भी दिया था। किसानों ने भी इस मामले में बैंक प्रबंधन पर लगातार दबाव बनाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने पीड़ितों की रकम लौटाने की प्रक्रिया तेज की। धीरे-धीरे खाताधारकों के खातों में उनकी फंसी हुई रकम वापस पहुंचने लगी। शनिवार तक करीब 59 लोगों को लगभग 26 करोड़ रुपये लौटाए जा चुके हैं। दीपावली से पहले रकम मिलने से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

सीबीआई भी कर रही मामले की जांच

पीएनबी घोटाले में सीबीआई ने 29 अक्तूबर को मामला दर्ज किया था। बैंक की ग्रेटर नोएडा पीआई ब्रांच से जुड़े मामले में करीब 10.24 करोड़ रुपये की कथित अनधिकृत निकासी को लेकर केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान बैंक की ऑफिस असिस्टेंट दीपांशी शर्मा और निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक को गिरफ्तार किया गया। किसान नेता ब्रिजेश भाटी ने बताया कि पीड़ितों को रकम लौटाने की प्रक्रिया शनिवार तक जारी रही। अब एक खाताधारक के करीब तीन लाख रुपये बाकी हैं। पीड़ित को उम्मीद है कि यह रकम भी जल्द वापस मिल जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X