Panchkula News:मासूम के यौन शोषण के दोषी को 10 साल सजा, 25 हजार जुर्माना – Convict In Child Sexual Abuse Case Sentenced To 10 Years In Prison, Fined 25,000
पंचकूला। चार साल की बच्ची के यौन शोषण के मामले में पंचकूला की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने 28 वर्षीय युवक को 10 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। करीब साढ़े चार साल पुराने इस मामले में अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया।
दोषी पंचकूला में पीड़ित बच्ची के पड़ोस में किराये पर रहता था। फरवरी 2022 में बच्ची की मां ने सेक्टर-20 थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि 27 फरवरी की शाम उनकी चार साल की बेटी पड़ोस में खेलने गई थी। वहां से लौटने के बाद बच्ची रोने लगी और मां को अपने साथ हुई गलत हरकत के बारे में बताया। इसके बाद मां ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया था।
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील सुखविंदर कौर ने दोषी के खिलाफ सबूत पेश करते हुए कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं, बचाव पक्ष ने दलील दी कि दोषी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए सजा में रियायत दी जाए। विचार करने के बाद अदालत ने युवक को दोषी ठहराते हुए 10 साल कठोर कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
