Panchkula News:सतीश की घातक गेंदबाजी से बैंक ऑफ इंडिया ने 51 रन से जीता मुकाबला – Bank Of India Won The Match By 51 Runs, Thanks To Satish’s Lethal Bowling
ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-3 में चल रहा इंटर बैंक प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। बैंक ऑफ इंडिया के गेंदबाज सतीश कुमार की घातक गेंदबाजी के आगे पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की टीम टिक नहीं सकी। सतीश ने 11 रन देकर पांच विकेट झटकते हुए अपनी टीम को 51 रन से जीत दिलाई। ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-3 में चल रहे 28वें एमजी कप इंटर बैंक प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में बैंक ऑफ इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की टीम आठ विकेट पर 177 रन ही बना सकी।
बैंक ऑफ इंडिया को अंकुर दधवाल और देवेंद्र सिंह छोकर ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले 10 ओवर में 129 रन की साझेदारी की। अंकुर ने 67 और देवेंद्र ने 53 रन बनाए। इसके बाद रणवीत सिंह ने नाबाद 35, प्रशांत तनेजा ने 31 और कप्तान रमेश चौहान ने 29 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के अगोचर ग्रेस (22) और आदिल चराया (33) ने सात ओवर में 54 रन जोड़े। हालांकि, शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद टीम लड़खड़ा गई। चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। सचिन सिंह ने 31 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सतीश कुमार मैन ऑफ द मैच और सचिन सिंह फाइटर ऑफ द मैच बने। कृष्णा ट्रैवल्स के विनोद पाहवा और गुरदीप सिंह ने पुरस्कार प्रदान किए।
पंजाब एंड सिंध बैंक ने हरको बैंक को 19 रन से हराया
दूसरे मुकाबले में पंजाब एंड सिंध बैंक ने आठ विकेट पर 119 रन बनाए। अजय पंवार ने 33, आशीष बैंस ने 19, हर्ष ने 18 और विपिन ने 17 रन बनाए। हरको बैंक के मंजीत सिंह ने तीन विकेट लिए। जवाब में हरको बैंक की टीम नौ विकेट पर 100 रन ही बना सकी। गौरव सैनी ने 40 और विपिन सैनी ने 19 रन बनाए। अजय पंवार मैन ऑफ द मैच और मंजीत सिंह फाइटर ऑफ द मैच चुने गए।
