Panipat News:सोडा लेने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, होटल में तोड़फोड़ के बाद घर में घुसकर हमला – Violent Clash Between Two Groups Over A Dispute Regarding A Soda; Hotel Vandalized, Followed By An Attack Inside A Private Home
लाल बत्ती चौक स्थित नागपाल चिकन कॉर्नर पर शुरू हुआ विवाद पहुंचा घर तक, चाकू और गंडासी से हमले में कई घायल
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शहर के लाल बत्ती चौक के पास स्थित नागपाल चिकन कॉर्नर पर सोडा लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले होटल में कहासुनी के बाद मारपीट और तोड़फोड़ हुई। इसके बाद अगले दिन दूसरे पक्ष के घर में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला करने का आरोप लगा है। दोनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
शहर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटेल नगर निवासी प्रिंस नागपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अक्तूबर की रात करीब 11:45 बजे वह अपने चाचा हरीश नागपाल के होटल पर मौजूद था। इसी दौरान मिट्कू, काका, संजू और साबिर सोडा लेने पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने होटल के कर्मचारी मिश्रीलाल के साथ अभद्रता और हाथापाई की तथा उसके सिर पर वार कर दिया। इससे वह घायल हो गया। फिर दुकान के बाहर रखे काउंटर का शीशा और फ्रिज भी तोड़ दिया। आरोपियों ने उनके ताऊ जसवंत नागपाल के साथ भी मारपीट की। इसके बाद 10-15 अन्य युवकों को बुलाकर चाकू और लट्ठ से हमला कर दिया। प्रिंस के अनुसार, हमले में उसके हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि कर्मचारी मिश्रीलाल के सिर में चोट आई।
रंजिश में मकान में घुसकर गंडासी से हमला
दूसरे पक्ष के बतरा कॉलोनी निवासी साबिर ने शिकायत में बताया कि 30 अक्तूबर की रात वह अपने साथियों के साथ गीता कॉलोनी में गोलू के मकान पर मौजूद था। आरोप है कि होटल पर हुए विवाद की रंजिश में हरीश नागपाल, गौरव नागपाल, शिवम, बिट्टू नागपाल, शिवी और अन्य लोग मकान में घुस आए और हमला कर दिया।
साबिर के सिर पर तेजधार हथियार से वार किया गया, जबकि हाथ पर गंडासी मारी गई। गंभीर हालत में उसे जिला नागरिक अस्पताल से कल्पना चावला अस्पताल करनाल और फिर रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। उसके साथी गगन का असंध रोड स्थित संकल्प अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना शहर प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं। इनके आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
