Patiala News:अकाली दल के हलका इंचार्ज पर मामला दर्ज – Case Registered Against Akali Dal Constituency In-charge
मंत्री और अफसरों को धमकाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। शिरोमणि अकाली दल के पटियाला ग्रामीण हलका इंचार्ज जसपाल सिंह बिट्टू चट्ठा के खिलाफ कैबिनेट मंत्री और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सरकारी अधिकारियों को कथित तौर पर धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पंजाब राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर नगर निगम उपचुनाव से पहले की गई है।
पुलिस ने सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 192, 353(1)(बी), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप एक वीडियो क्लिप पर आधारित हैं जिसमें बिट्टू चट्ठा कथित तौर पर प्रेस से बातचीत के दौरान मंत्री और सरकारी अधिकारियों को धमकाते दिख रहे हैं। आयोग ने वीडियो की सत्यता और व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के निर्देश दिए हैं। एफआईआर के अनुसार, राज्य चुनाव आयोग ने वीडियो को जिला निर्वाचन अधिकारी के संज्ञान में लाया था। आयोग ने मामले की जांच, वीडियो की प्रामाणिकता और संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने को कहा था। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका के मद्देनजर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे। पटियाला नगर निगम के संबंधित वार्डों में 28 नवंबर को दोबारा मतदान होगा। यह चुनाव सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हो रहा है, जहां पिछली बार अनियमितताएं सामने आई थीं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। धमकी के आरोप में एफआईआर दर्ज होने से चुनावी माहौल और संवेदनशील हो गया है।
