Patiala News:डंपर से भिड़ी कार, महिला की मौत, नौ घायल – Car Collides With Dumper; Woman Killed, Nine Injured
कपालमोचन जा रहे थे फतेहगढ़ के श्रद्धालु
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। समाना-पातड़ां रोड पर सोमवार सुबह गांव प्रेम सिंह वाला के पास सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से की कार की डंपर के साथ टक्कर हो गई। संगरूर जिले के गांव फतेहगढ़ के निवासी कार सवार 10 लोग हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपालमोचन तीर्थ पर माथा टेकने जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हादसा सड़क पर एक तीखे मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पंजाब सड़क सुरक्षा फोर्स और स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत समाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटियाला रेफर कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
